विजय मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों, छात्र-युवा साथियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लोकतंत्र, संविधान और जनशक्ति की विजय का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि यह केवल एक केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि अहंकारी सत्ता के सामने लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि यह देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं की जीत है, जिनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक छात्रों और युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाया। शिक्षा व्यवस्था की अनियमितताओं, युवाओं के भविष्य और जवाबदेही के सवालों पर केंद्र सरकार को लगातार घेरा। वहीं यूथ कांग्रेस ने देशभर में जनजागरण अभियान, धरना-प्रदर्शन और लोकतांत्रिक आंदोलनों के माध्यम से युवाओं की आवाज़ बुलंद की।
आशीष छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता जनता के प्रति जवाबदेह होती है और जब जनता अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर खड़ी होती है तो उसे झुकाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि आज का विजय मार्च इस बात का प्रतीक है कि देश का युवा जाग चुका है और वह अपने भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेगा। यह जीत लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम के अंत में आशीष छाबड़ा ने सभी छात्र-युवा साथियों, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं, कांग्रेसजनों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस का संविधान, युवाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
