पदमी बंधक कांड के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: तहसीलदार सरिता मढ़रिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू का तबादला


बेमेतरा टाइम्स । जिले के थानखम्हारिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पदमी में राजस्व निपटारा शिविर के दौरान अतिक्रमण विवाद को लेकर हुए बंधक कांड के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व अमले में बड़ा फेरबदल किया है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के आदेशानुसार तीन राजस्व अधिकारियों के प्रभार में आंशिक परिवर्तन किया गया है। हालांकि आदेश में स्थानांतरण का कारण प्रशासनिक बताया गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में ग्राम पंचायत पदमी में आयोजित राजस्व निपटारा शिविर के दौरान खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था। नाराज ग्रामीणों ने तहसीलदार सरिता मढ़रिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू का घेराव कर उन्हें कुछ समय के लिए जाने नहीं दिया था। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद स्थिति सामान्य कराई गई थी। इस घटना ने जिले में काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

इसी बीच कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से राजस्व अधिकारियों के प्रभार में बदलाव करते हुए आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार श्रीमती सरिता मढ़रिया, जो अब तक तहसीलदार थानखम्हारिया के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें कार्यालय कलेक्टर (भू-अभिलेख), जिला बेमेतरा में पदस्थ किया गया है।

वहीं आशुतोष गुप्ता जो अधीक्षक भू-अभिलेख, बेमेतरा के पद पर कार्यरत थे, उन्हें तहसीलदार थानखम्हारिया पदस्थ किया गया है। साथ ही छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता के भाग-01 के नियम-125 के तहत उन्हें तहसीलदार, थानखम्हारिया के आहरण एवं संवितरण अधिकारी (DDO) के अधिकार भी प्रदान किए गए हैं।

इसी प्रकार मोरध्वज साहू जो नायब तहसीलदार थानखम्हारिया के पद पर पदस्थ थे, उनका स्थानांतरण नायब तहसीलदार, देवकर के पद पर किया गया है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि यह प्रशासनिक फेरबदल पदमी में हुए चर्चित बंधक कांड के कुछ ही समय बाद हुआ है। हालांकि प्रशासन ने स्थानांतरण को नियमित प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बताया है और दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post