बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे एवं नवागढ़ के पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में मिले निर्देशों एवं अनुभवों को कार्यकर्ताओं के साथ साझा करते हुए कहा कि पार्टी किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर मजबूती से खड़ी रहेगी।
नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि खाद-बीज की कमी, अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों से किसान एवं आम नागरिक परेशान हैं। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी और गांव-गांव जाकर जनता से संवाद स्थापित कर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएगी।
बैठक में ग्राम नकटी में 85 मकानों को तोड़े जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस द्वारा लगातार संघर्ष करने का संकल्प भी लिया गया।
जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने ब्लॉक, मंडल एवं बूथ कांग्रेस कमेटियों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए नियमित बैठकें आयोजित करने, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेगा।
बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों एवं विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन मनोज शर्मा ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
