मध्यान्ह भोजन में डामर की गोली ! रसोईया ने भी चखा था खाना, गंध महसूस होने के बावजूद नहीं दी जानकारी —26 बच्चे एहतियातन अस्पताल पहुंचे


बेमेतरा टाइम्स  स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या शाला बेमेतरा में आज बुधवार को मध्यान्ह भोजन में कथित रूप से डामर की गोली मिलने का मामला सामने आने के बाद स्कूल की भोजन व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि किसी भी बच्चे ने पेट दर्द या अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायत नहीं की, लेकिन एहतियात के तौर पर छठवीं कक्षा के करीब 26 बच्चों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनकी जांच की जा रही है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

बताया गया कि स्कूल में सबसे पहले छठवीं कक्षा के बच्चों ने मध्यान्ह भोजन किया था। इसके बाद आठवीं कक्षा के बच्चों को भोजन दिया जाना था। इसी दौरान स्कूल प्राचार्य को जानकारी मिली कि भोजन से डामर गोली की गंध आ रही है। प्राचार्य ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए बाकी बच्चों को भोजन परोसने से रोक दिया और छठवीं कक्षा के बच्चों को एहतियातन जिला चिकित्सालय भेजा गया।

रसोईया ने भी चखा था खाना, डामर जैसी गंध महसूस होने की बात

घटना को लेकर एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि रसोईया ने स्वयं भी भोजन चखकर देखा था और उस समय उसे डामर जैसी गंध महसूस हुई थी। इसके बावजूद कथित तौर पर इसे सामान्य मानते हुए स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं दी गई। बाद में जब बच्चों ने भी भोजन में असामान्य गंध महसूस की और मामला सामने आया, तब भोजन वितरण रोक दिया गया।

इस लापरवाही को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि यदि भोजन चखने के दौरान ही असामान्य गंध महसूस हो गई थी, तो तत्काल स्कूल प्रबंधन को सूचना देकर भोजन क्यों नहीं रोका गया? समय रहते सूचना दी जाती तो बच्चों को अस्पताल ले जाने की नौबत ही नहीं आती।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रसोईया के बच्चे के साथ कथित तौर पर डामर की गोली आई थी और वह खेलते-खेलते उसे भोजन में डाल गया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

प्राचार्य की तत्परता से अन्य बच्चों को रोका गया

जैसे ही प्राचार्य को भोजन में डामर की गोली होने की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल आठवीं सहित अन्य कक्षाओं के बच्चों को भोजन देने से मना कर दिया। इसके बाद छठवीं कक्षा के जिन बच्चों ने भोजन कर लिया था, उन्हें किसी प्रकार का जोखिम न हो, इसलिए तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

मामले की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल बच्चों की चिकित्सकीय जांच जारी है और सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांच, रसोई व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब भोजन में असामान्य गंध महसूस होने के बावजूद समय पर स्कूल प्रबंधन को सूचना नहीं दी गई। अब जांच में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि डामर की गोली भोजन में कैसे पहुंची, गंध के बावजूद भोजन क्यों परोसा गया और इस पूरे मामले में जिम्मेदारी किसकी बनती है।

वर्सन 

बच्चों में पेट दर्द की शिकायत नहीं मिली थी, ऐतिहात के तौर पर स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया है जहां उपचार जारी है जांच के बाद ही कुछ बता पाएंगे !

 

 अभय जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा

Post a Comment

Previous Post Next Post