बेमेतरा में जिले के पहले नशा मुक्ति केंद्र की शुरुआत, नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मिलेगी उपचार व पुनर्वास की सुविधा


बेमेतरा टाइम्स । नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से युवाओं और परिवारों को बचाने की दिशा में बेमेतरा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रायपुर रोड स्थित मलाकी कॉम्प्लेक्स के सामने विप्र भवन में नवाकिरण हेल्प फाउंडेशन द्वारा जिले का पहला नशा मुक्ति केंद्र एवं मानसिक रोग निवारण व पुनर्वास संस्था प्रारंभ की गई। केंद्र का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश के शैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद संस्था की ओर से अतिथियों का गुलदस्ता एवं पुष्पमाला से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि बेमेतरा जिले में यह पहला नशा मुक्ति केंद्र शुरू हुआ है। नशे की लत से जूझ रहे लोगों के उपचार और पुनर्वास की दिशा में यह केंद्र संजीवनी साबित हो सकता है। उन्होंने संस्था के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ समाज के सभी वर्गों को मिलकर जागरूकता लाने की आवश्यकता है। संस्था के अनुसार केंद्र को शासन से मान्यता प्राप्त है।

शराब से लेकर नशीली दवाइयों तक उपचार की सुविधा

जिला मुख्यालय में शुरू किए गए नशा मुक्ति केंद्र में शराब, भांग, गांजा, चरस, अफीम, ब्राउन शुगर, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, हेरोइन और नशीली दवाइयों सहित विभिन्न प्रकार के नशे से प्रभावित लोगों के उपचार की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। केंद्र का मुख्य उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आए लोगों, विशेषकर युवाओं को उपचार और पुनर्वास के माध्यम से सामान्य सामाजिक जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना है।

24 घंटे निगरानी, डॉक्टरों की जांच और मनोवैज्ञानिक परामर्श

संस्था के संचालक मनीष वर्मा एवं पूजा वर्मा के अनुसार केंद्र में 24 घंटे निगरानी के साथ डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य जांच, फिजियोथेरेपी, मनोचिकित्सकीय उपचार, प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिकों की सलाह, पारिवारिक परामर्श, योग-ध्यान एवं व्यायाम, व्यवहारात्मक चिकित्सा, मनोरंजन तथा पुनर्वास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को घर से केंद्र तक लाने की सुविधा भी उपलब्ध होने की बात संस्था की ओर से कही गई है।

संस्था ने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। समय पर उपचार मिलने से नशे से प्रभावित व्यक्ति को अपराध, दुर्घटनाओं और अन्य सामाजिक समस्याओं से दूर रखने के साथ परिवारों को आर्थिक एवं मानसिक संकट से भी बचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, पार्षद विकास तंबोली, समाजसेवी ताराचंद माहेश्वरी, अजय शर्मा, पत्रकार आनंद साहू, योगेश राजपूत सहित संस्था के सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post