सतनाम के जयघोष से गूंजा बेमेतरा, राजा बालकदास जयंती पर उमड़ा जनसैलाब

हजारों समाजजनों ने निकाली भव्य शोभायात्रा, पंथी नृत्य-झांकियों ने मोहा मन; रक्तदान शिविर में 135 यूनिट रक्तदान


बेमेतरा टाइम्स । परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के द्वितीय सुपुत्र एवं क्रांतिवीर बलिदानी राजागुरु बालकदास साहेब की जयंती के अवसर पर बेमेतरा में जिला सतनामी समाज के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में जिलेभर से हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए। पूरे शहर में सतनाम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आया।

शोभायात्रा कोबिया चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए मोहभट्ठा रोड स्थित जोड़ा जैतखाम पहुंची। यात्रा के दौरान पंथी नृत्य, सतनाम अखाड़ा और विभिन्न आकर्षक झांकियां लोगों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। डीजे-धुमाल में गूंजते पंथी गीतों की धुन पर समाज के युवा उत्साह और उमंग के साथ झूमते नजर आए।

प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान

जोड़ा जैतखाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजागुरु बालकदास साहेब के जीवन, त्याग, संघर्ष, साहस और सामाजिक चेतना को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि राजागुरु बालकदास साहेब का जीवन समाज को एकता, समानता, भाईचारे और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को आत्मसात कर समाज को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

रक्तदान शिविर में 135 यूनिट रक्तदान

राजा बालकदास साहेब की जयंती समारोह के तहत 16 जुलाई को नवागढ़ स्थित सतनाम भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में सतनामी समाज के साथ सर्व समाज के रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 135 यूनिट रक्तदान किया।

रक्तदान के माध्यम से समाज ने “मानव-मानव एक समान” का संदेश देते हुए सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। आयोजन समिति ने कहा कि समाज की एकजुटता केवल उत्सव तक सीमित न रहकर सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए।

समाज की एकजुटता की दिखी तस्वीर

भव्य शोभायात्रा ने बेमेतरा शहर में सामाजिक एकता, उत्साह और सतनाम संदेश की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की। आयोजन को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों, युवाओं, महिला-पुरुषों तथा जिलेभर से पहुंचे समाजजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आयोजन समिति ने कार्यक्रम के सफल संचालन और व्यवस्था में सहयोग के लिए समाज के सभी लोगों के साथ पुलिस प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post