कोबिया के कोटवारी जमीन मामले में नया मोड : पटवारी बोधीराम निषाद के पक्ष में आया जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, निष्पक्ष जांच की मांग


बेमेतरा टाइम्स । पटवारी बोधीराम निषाद से जुड़े विवादित रजिस्ट्री प्रकरण को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर बेमेतरा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और पटवारी को जांच पूरी होने तक पूर्ववत पद पर बनाए रखने की मांग की है।

पार्टी के शहर अध्यक्ष फौजी सूर्या सिंह चौहान द्वारा 21 सितंबर को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि बोधीराम निषाद सामाजिक रूप से सक्रिय एवं राज्य कर्मचारी संगठन में पदाधिकारी हैं। पार्टी का कहना है कि केवल संदेह के आधार पर उनके खिलाफ नकारात्मक धारणा बनाना या जांच पूरी होने से पहले दंडात्मक कार्रवाई करना उचित नहीं है।

ज्ञापन में विवादित रजिस्ट्री को तत्काल शून्य घोषित करने, संबंधित विक्रेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा जांच कमेटी की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा को जांच से हटाने की मांग की गई है। साथ ही पटवारी बोधीराम निषाद को जांच का अंतिम परिणाम आने तक पूर्व की तरह पद पर बहाल रखने की मांग की गई है।

पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह किसी दोषी व्यक्ति का समर्थन नहीं करती और निष्पक्ष जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर जिला स्तर पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बेमेतरा के अलावा छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ, निषाद समाज तथा अन्य सामाजिक संगठनों को भी भेजी गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post