मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से अपने मोबाइल खो चुके लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी, लेकिन बेमेतरा पुलिस की मेहनत और CEIR पोर्टल की मदद से उनकी अमानत उन्हें वापस मिल गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण कर मोबाइलों की ट्रैकिंग की गई और उन्हें बरामद किया गया। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए मोबाइलों का पता लगाया।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना, साइबर सेल अथवा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल को ट्रैक कर जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।
बेमेतरा जिले में CEIR अभियान के तहत अब तक 571 गुम मोबाइल फोन बरामद कर लगभग 1 करोड़ रुपये की संपत्ति उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपी जा चुकी है। यह उपलब्धि जिले में साइबर तकनीक के प्रभावी उपयोग और पुलिस की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित साइबर सेल एवं विभिन्न थाना-चौकी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान की सफलता में साइबर सेल की टीम तथा थाना-चौकी प्रभारियों के योगदान की विशेष सराहना की गई।
बेमेतरा पुलिस की यह पहल केवल मोबाइल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता और पुलिस के बीच भरोसे के रिश्ते को और मजबूत करने वाली एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है।
