नौतपा की आग में सामूहिक विवाह ! तपती धूप, उमस और भीड़ के बीच कैसे होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम ? घर में रहने की सलाह और मैदान में जुटने की अपील, सवालों के घेरे में व्यवस्थाएं


बेमेतरा। जिले में 31 मई को आयोजित होने जा रहे मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम को लेकर जहां प्रशासन तैयारियों में जुटा है, वहीं भीषण गर्मी और नौतपा के प्रकोप के बीच कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल भी उठने लगे हैं। इन दिनों तापमान लगातार ऊंचाई पर बना हुआ है और दोपहर के समय तेज धूप व उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की अपील की जा रही है। ऐसे में आमजन के मन में यह सवाल उठ रहा है कि नौतपा की तपिश के बीच हजारों लोगों की मौजूदगी में कार्यक्रम को सुचारू रूप से कैसे संपन्न कराया जाएगा।

गौरतलब है कि देशभर में गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने, अनावश्यक बाहर न निकलने तथा पर्याप्त पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विभिन्न अवसरों पर अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर घर से काम करने जैसे विकल्पों पर जोर देते रहे हैं। ऐसे में खुले मैदान में बड़े आयोजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

मंडप में उमस, मेहमानों की परेशानी और स्वास्थ्य पर असर की चिंता

मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। दोपहर की तेज धूप और उमस भरे मौसम में मंडप के भीतर घंटों बैठना लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता व्यक्त की जा रही है।

प्रशासन की तैयारियों पर टिकी निगाहें

अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की तैयारियों पर टिकी हुई हैं। लोगों की अपेक्षा है कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त छायादार व्यवस्था, पेयजल, कूलर, पंखे, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस तथा हीट स्ट्रोक से बचाव के विशेष इंतजाम किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

सबसे बड़ा सवाल

जब नौतपा की तपिश चरम पर है, तब हजारों लोगों की मौजूदगी वाले इस बड़े आयोजन को जिला प्रशासन किस तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाएगा? 31 मई को होने वाला यह आयोजन केवल सामूहिक विवाह कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि भीषण गर्मी के बीच प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी बड़ी परीक्षा साबित होगा।

वर्सन 

कार्यक्रम को लेकर हम तैयार है, हमारी तैयारी जोर शोर से है !

प्रकाश भारद्वाज, एसडीएम बेमेतरा 

Post a Comment

Previous Post Next Post