सड़क नहीं, गड्ढों का जाल : कठौतिया–पटुआ मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

बरसात से पहले सड़क मरम्मत की मांग, रोजाना 6 बसों समेत हजारों वाहन करते हैं आवागमन


बेमेतरा टाइम्स । जिले के ग्राम पंचायत कठौतिया से ग्राम पटुआ तक जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि कठौतिया से पटुआ पहुंच मार्ग दोनों गांवों के बीच आवागमन का एकमात्र प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से प्रतिदिन लगभग 6 यात्री बसों के अलावा हजारों मोटरसाइकिल, मालवाहक एवं अन्य वाहन गुजरते हैं। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाएगी, जिससे स्कूली छात्रों, किसानों तथा आम लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। ऐसे में बरसात शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत कराया जाना बेहद आवश्यक है।

ग्रामीण प्रतिनिधि राधेहरि साहू एवं विजय चंद्राकर ने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित को देखते हुए कठौतिया–पटुआ मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post