खर्चे के लिए पैसे नहीं मिले तो नाना-नानी पर तवे से जानलेवा हमला, आरोपी भांजा गिरफ्तार

शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम, नानी गंभीर रूप से घायल, मेकाहारा रायपुर रेफर


बेमेतरा टाइम्स । जिले के परपोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गाड़ाडीह में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। खर्चे के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने शराब के नशे में अपने ही नाना-नानी पर लोहे के तवे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में नानी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 06 जुलाई की रात करीब 8 बजे ग्राम गाड़ाडीह निवासी धनीराम माकरण्डे (33 वर्ष) ने थाना परपोड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भांजा अनिल बारले शराब के नशे में घर पहुंचा और विवाद करने लगा। इसके बाद उसने अपने नाना तुलसीराम मारकण्डे एवं नानी शांती बाई मारकण्डे की हत्या की नीयत से घर में रखे लोहे के तवे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में शांती बाई के सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। उनकी स्थिति इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक दिखाई देने लगी। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को शासकीय अस्पताल परपोड़ी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया।

मामले में थाना परपोड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान एसएफएल यूनिट बेमेतरा का भी सहयोग लिया गया। पूछताछ में आरोपी अनिल बारले (26 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि खर्चे के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने अपने नाना-नानी की हत्या करने की नीयत से उन पर लोहे के तवे से हमला किया।

पुलिस ने आरोपी अनिल बारले, पिता रामनारायण बारले, निवासी ग्राम गाड़ाडीह, थाना परपोड़ी, जिला बेमेतरा को गिरफ्तार कर 07 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post