विशेष जांच टीम गठित, तकनीकी साक्ष्यों और अंतरजिला समन्वय से होगी तेज जांच; सूचना देने वाले की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय
बैठक में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा के दो तथा थाना नवागढ़ के एक ब्लाइंड मर्डर मामले की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र तथा अंतरजिला समन्वय के माध्यम से जांच को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
दो अज्ञात शवों की पहचान अब भी बनी चुनौती
समीक्षा के दौरान 6 दिसंबर 2024 को ग्राम तिवरैया स्थित शिवनाथ नदी एनीकट में मिले अज्ञात युवक के शव के मामले पर चर्चा की गई। पोस्टमार्टम एवं रासायनिक परीक्षण रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद बीएनएस की धारा 103(1) एवं 238 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है। मृतक की आयु लगभग 30 से 35 वर्ष बताई गई है।
इसी तरह 22 जून 2025 को ग्राम रांका के तावा भाठा नहर स्थित सीमेंट पाइप के भीतर मिली अज्ञात महिला के शव के मामले की भी समीक्षा की गई। जांच में हत्या की पुष्टि होने पर धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मृतका की आयु लगभग 25 से 35 वर्ष आंकी गई है।
2022 के नवागढ़ ब्लाइंड मर्डर की भी हुई समीक्षा
बैठक में वर्ष 2022 के नवागढ़ थाना क्षेत्र के बहुचर्चित ब्लाइंड मर्डर प्रकरण की भी समीक्षा की गई। इस मामले में 10 जुलाई 2022 को बाघुल-नवागढ़ मार्ग के किनारे पानी से भरे गड्ढे में मिले शव की पहचान शत्रुहन मानदेव (31 वर्ष) निवासी बहू नवागांव के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
सूचना देने वालों को मिलेगा ₹5 हजार का इनाम
DIG श्री रामकृष्ण साहू ने दो अज्ञात शवों की पहचान कराने तथा तीनों मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति के लिए ₹5,000 के नगद इनाम की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
विशेष टीम को सौंपी गई जिम्मेदारी
मामलों के शीघ्र खुलासे के लिए गठित विशेष टीम में निरीक्षक मयंक मिश्रा, निरीक्षक चंद्र देव वर्मा, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी तथा उप निरीक्षक योगेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी भूषण एक्का, निरीक्षक सोनल ग्वाला सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
