भिंभौरी को विकास की डबल सौगात : 4.80 करोड़ की परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे उप मुख्यमंत्री अरुण साव


बेमेतरा टाइम्स । नगर पंचायत भिंभौरी शुक्रवार 10 जुलाई को विकास के नए अध्याय का साक्षी बनेगा। यहां प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में 4 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये की स्वीकृत लागत से शासकीय नवीन महाविद्यालय, भिंभौरी के भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं कृषि उपज मंडी बोर्ड की ओर से 14 लाख 28 हजार रुपये की लागत से किसान सामुदायिक भवन निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी जाएगी।

समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री रामविचार नेताम एवं दयालदास बघेल, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अलावा विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, जनपद पंचायत बेरला की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी रवि परगनिहा, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, नगर पंचायत भिंभौरी के अध्यक्ष संदीप परगनिहा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।

आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विकास कार्यों के शुभारंभ के साक्षी बनने की अपील की है। इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ किसानों के लिए सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को भी नया आधार मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post