“मां के नाम एक पौधा” : राज्यपाल रमेन डेका ने बेमेतरा से दिया हरित क्रांति का संदेश, आंवले का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल रमेन डेका ने अपने बेमेतरा प्रवास के दौरान स्थानीय सर्किट हाउस परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने आंवले का पौधा लगाकर वसुंधरा को हरा-भरा बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

पौधरोपण के बाद राज्यपाल श्री डेका ने उपस्थित अधिकारियों एवं आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। तेजी से बदलते मौसम चक्र और बढ़ते वैश्विक तापमान को नियंत्रित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मां के सम्मान में लगाया गया पौधा भावनात्मक जुड़ाव के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का भी श्रेष्ठ माध्यम है।

राज्यपाल ने जिला प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि इस मानसून में हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी जिम्मेदारी निभाए।

इस गरिमामयी अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक साजा ईश्वर साहू, विधायक बेमेतरा दीपेश साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, डीआईजी राम कृष्ण साहू सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल की इस पर्यावरणीय मुहिम की सराहना करते हुए जिले को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post