थान खम्हरिया में नशे का बढ़ता जाल, नागरिकों का फूटा गुस्सा… सर्व नागरिक मंच ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन


थान खम्हरिया । नगर में बढ़ते नशे के कारोबार और नशेड़ियों के आतंक के खिलाफ अब आम नागरिक खुलकर सामने आने लगे हैं। लगातार हो रही चोरी, लूटपाट, चाकूबाजी और रंगदारी जैसी घटनाओं से परेशान नागरिकों ने बुधवार को सर्व नागरिक मंच के बैनर तले थाना पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

नागरिकों का कहना है कि नगर में अवैध रूप से गांजा, शराब और नशे की गोलियों की बिक्री धड़ल्ले से जारी है, जिससे युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है।

बताया जा रहा है कि बीती रात कुछ नशेड़ी युवकों ने एक वाहन चालक से रंगदारी करते हुए उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में बड़ी और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

इन्हीं मांगों को लेकर सर्व नागरिक मंच के प्रतिनिधिमंडल ने थाना पहुंचकर सहायक उप निरीक्षक ओंकार प्रसाद साहू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अवैध गांजा व शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, नगर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा नशेड़ियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की गई।

नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post