स्टॉक में खेल, डिब्बों में डीजल बिक्री : सिमगा के दरचुरा स्थित सीमा पेट्रोल पम्प पर प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई


बलौदाबाजार । कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर प्रशासन लगातार कड़ी निगरानी रख रहा है। इसी कार्रवाई के तहत बुधवार को विकासखंड सिमगा अंतर्गत ग्राम दरचुरा स्थित सीमा पेट्रोल पम्प पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम ने पेट्रोल पम्प को आगामी आदेश तक सील कर दिया।

एसडीएम सिमगा अतुल शेट्टे ने बताया कि जांच के दौरान सीमा पेट्रोल पम्प में व्यवसायिक वाहनों को खुलेआम डीजल दिया जा रहा था, वहीं 10 से 15 लीटर के जरिकेन और डिब्बों में भी डीजल का विक्रय किया जा रहा था। मौके पर मौजूद वाहन मालिकों ने भी इसकी मौखिक शिकायत प्रशासन से की।

जांच के दौरान पेट्रोल पम्प संचालक सत्येन्द्र कुमार सिंह ने स्वयं स्वीकार किया कि लगभग 50 लोगों को जरिकेन में डीजल दिया गया था, जिसके कारण पेट्रोल पम्प में भारी भीड़ लगी हुई थी।

प्रशासनिक जांच में स्टॉक ऑटोमेशन मशीन, भूमिगत टैंक तथा स्टॉक पंजी में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद दामाखेड़ा चौकी प्रभारी की उपस्थिति में पेट्रोल पम्प को सील करने की कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों के विरुद्ध कार्य करने वाले किसी भी पेट्रोल पम्प संचालक के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post