मुख्यमंत्री कन्या विवाह में गूंजेगा बेमेतरा — विधायक दीपेश साहू बनेंगे दूल्हा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे विकास कार्यों की लोकार्पण एवं भूमिपूजन


बेमेतरा ! प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 31 मई को जिला बेमेतरा के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है।

इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद विजय बघेल, विधायकगण किरण सिंह देव, दीपेश साहू, ईश्वर साहू, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिंहा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमा दिवाकर सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री की गरिमामय उपस्थिति में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 21 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण बेमेतरा विधायक दीपेश साहू का विवाह रहेगा। विधायक श्री दीपेश साहू मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह कर सामाजिक समरसता, सादगी और जनसरोकार का अनूठा संदेश देंगे। जनप्रतिनिधि के इस फैसले को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post