मुसीबत में मसीहा बनी पुलिस : ट्रैक्टर हादसे में दबे किसान को मौत के मुंह से निकाला, डायल-112 की फुर्ती से बची किसान की जान


बेमेतरा टाइम्स ।
जिले के थाना परपोड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में डायल-112 सेवा टीम की तत्परता और स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। खेत की ओर जा रहे एक किसान का ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से त्वरित रेस्क्यू कर किसान की जान बचा ली।

बुधवार सुबह लगभग 9:17 बजे डायल-112 परपोड़ी को सूचना मिली कि ग्राम बुंदेली निवासी ईश्वरी निषाद (38 वर्ष) ट्रैक्टर से खेत जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वे उसके नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 टीम में तैनात आरक्षक प्रमोद पाण्डेय एवं चालक किशोर साहू तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से ट्रैक्टर के नीचे दबे किसान को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परपोड़ी पहुंचाया गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर कॉल करें। पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है।

Post a Comment

Previous Post Next Post