डबल मर्डर से दहला घोरेघाट: 8 साल जेल काटकर लौटा आरोपी फिर बना खूनी, मां-बेटी को उतारा मौत के घाट

 


बेमेतरा टाइम्स | दाढ़ी, बेमेतरा

बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही रिश्तेदार मां-बेटी की बांस के डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी नंदकुमार गंधर्व (47 वर्ष) निवासी घोरेघाट ने थाना दाढ़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 जून 2026 की शाम लगभग 7 बजे वह दाढ़ी से अपने गांव लौट रहा था। गांव की बस्ती में पहुंचने पर उसने देखा कि हेमलाल आडिल अपनी भतीजी के साथ गाली-गलौच करते हुए बांस के डंडे से मारपीट कर रहा था और उसे नाली में दबाकर रखा था। शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर नंदकुमार ने देखा कि सकुंतला आडिल (18 वर्ष) का सिर नाली के कीचड़युक्त पानी में डूबा हुआ था और आसपास खून फैला हुआ था। वहीं उसकी मां कुमारी बाई आडिल (50 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मृत पड़ी थी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

विवेचना के दौरान आरोपी हेमलाल आडिल (45 वर्ष) पिता धनीराम आडिल निवासी घोरेघाट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण उसने बांस के डंडे से हमला कर दोनों महिलाओं के सिर पर घातक चोट पहुंचाई, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर जब्त कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 के एक गंभीर प्रकरण में जेल जा चुका था, जहां उसे 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा हुई थी। लगभग 8 वर्ष जेल में रहने के बाद वह वर्ष 2024 में रिहा होकर गांव लौटा था।

थाना दाढ़ी में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को 17 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post