स्वर्गीय प्रेम आनंद चौहान आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीत और उनकी मधुर आवाज आज भी छत्तीसगढ़ के युवाओं और संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवित हैं। उनके द्वारा गाए गए गीतों ने छत्तीसगढ़ी संगीत जगत में एक अलग पहचान बनाई थी। अब उनके पुत्र राहुल चौहान अपने पिता की उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू को अपनी आवाज में पिरोकर लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
राहुल चौहान ने अपने पिता के लोकप्रिय गीत "अचानकपुर" को नए संगीत और नए अंदाज में प्रस्तुत कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। गीत का पोस्टर हाल ही में रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों और संगीत प्रेमियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
इस गीत में राहुल चौहान के साथ गंगा यादव ने अपनी सुरीली आवाज दी है। वहीं वीडियो में छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के चर्चित कलाकार अभिषेक साहू और सिमरन मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। पोस्टर रिलीज होते ही गीत को लेकर युवाओं में उत्सुकता बढ़ गई है और दर्शक इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति, गांव की मिट्टी और लोक परंपराओं से जुड़ा यह गीत न केवल स्वर्गीय प्रेम आनंद चौहान की यादों को ताजा करेगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी उनकी संगीत विरासत से जोड़ने का काम करेगा। राहुल चौहान का यह प्रयास उनके पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि माना जा रहा है।
