शिक्षक सम्मान समारोह में दीपेश साहू ने उठाया स्कूल भवनों का मुद्दा, पूर्व विधायक बंजारे ने पूछा—100 करोड़ की स्कूल जतन योजना का क्या हुआ?
22 स्वीकृत कार्य वापस होने के दावे से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
विधायक दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री से जिले के जर्जर स्कूल भवनों की स्थिति सुधारने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। सत्ता पक्ष के विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के सामने ही जिले की शिक्षा व्यवस्था की खामियां उठाए जाने को लेकर अब यह सवाल चर्चा में है कि जब समस्याएं स्थानीय प्रशासन के स्तर पर उठती और हल होती हैं, तो उन्हें मुख्यमंत्री के सार्वजनिक मंच तक पहुंचाने की नौबत क्यों आई?
पूर्व विधायक बंजारे ने घेरा, 100 करोड़ की स्कूल जतन योजना पर मांगा हिसाब
इधर नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। बंजारे ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जिले में स्कूल जतन योजना के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत कराई गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि इस राशि का उपयोग किस तरह हुआ और इसका वास्तविक लाभ स्कूलों एवं विद्यार्थियों तक कितना पहुंचा, इसकी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।
स्कूलों की हालत नहीं सुधरी तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
बंजारे ने चेतावनी दी कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जिले के स्कूलों की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ और विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
अब प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती
एक ओर सत्ता पक्ष के विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के सामने जिले के जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा उठाया जाना और दूसरी ओर विपक्ष के पूर्व विधायक द्वारा स्कूल जतन योजना की राशि तथा स्वीकृत कार्यों की वापसी को लेकर सवाल खड़े किए जाने से शिक्षा विभाग पर दबाव बढ़ गया है।
अब सवाल केवल जर्जर स्कूल भवनों का नहीं, बल्कि स्वीकृत राशि और कार्यों के क्रियान्वयन की स्थिति, वापस किए गए कार्यों के कारण और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का भी है। ऐसे में प्रशासन को यह स्पष्ट करना होगा कि जिले के स्कूलों की वास्तविक स्थिति क्या है और उन्हें सुधारने के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है।

