तीजा पर 24 घंटे गूंजा ‘सीताराम’ का जयघोष, भक्ति में डूबा मुरता, रामधुनी में 11 भजन मंडलियों ने दी प्रस्तुति



बेमेतरा टाइम्स
। पावन तीजा पर्व के अवसर पर नवागढ़ के ग्राम ग्राम मुरता के कर्मा मंदिर के समीप 24 घंटे की अखंड हरिकीर्तन (रामधुनी) का आयोजन किया गया। रविवार दोपहर 3 बजे शुरू हुई रामधुनी सोमवार दोपहर 3 बजे विसर्जन के साथ संपन्न हुई। इस दौरान पूरे 24 घंटे तक सीताराम के भजनों और राम नाम के जयघोष से गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

रामधुनी में मुरता सहित रमपुरा, हरमुड़ी, जेवरा (एस), अधियारखोर, पेंड्री-1, घुटेली, पड़रभट्टा, मेडकी, बिनैका (ब) और जय महामाया पेंड्री की भजन मंडलियों ने भाग लिया। विभिन्न मंडलियों ने अपनी अलग-अलग शैली में सीताराम के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया।

शोभायात्रा के साथ हुआ समापन

24 घंटे की रामधुनी के समापन अवसर पर गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गांव की मुख्य गली से होते हुए मांवली मंदिर के समीप स्थित रामसागर तालाब पहुंची। यहां आचार्य पं. कमलेश चौबे ने विधि-विधान से हवन-पूजन कराया। वहीं पं. राजेश मिश्रा एवं पं. दुर्गेश मिश्रा ने 24 घंटे तक रामायण पाठ किया। यजमान परषोत्तम साहू एवं सुनीता साहू ने पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई।

आयोजन में तक़रीबन 1 हजार की संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए। रामधुनी के दौरान लगातार गूंजते भक्ति गीतों और ‘सीताराम’ के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय बना रहा।

ग्राम सरपंच बुधारू गेंदले ने बताया कि तीजा पर्व पर आयोजित होने वाली यह रामधुनी गांव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे ग्रामीणों में भक्ति भावना मजबूत होने के साथ नई पीढ़ी भी अपनी धार्मिक परंपराओं से जुड़ रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post