मां भद्रकाली के दरबार में राज्यपाल ने टेका माथा, जिम में युवाओं को दिया ‘फिटनेस फंडा’ : डेका का दो टूक संदेश— नशे से दूर रहें युवा, खेल और व्यायाम से बनाएं मजबूत छत्तीसगढ़


बेमेतरा टाइम्स । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका सोमवार को बेमेतरा प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के परशुराम चौक स्थित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘द प्राइम जिम’ का फीता काटकर शुभारंभ किया, वहीं जिले के प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने मां भद्रकाली से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

जिम के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल ने युवाओं को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शारीरिक फिटनेस बेहद जरूरी है। युवा नशे से दूर रहकर खेल और व्यायाम से जुड़ें तो वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनेंगे। उन्होंने कहा कि “फिट रहेगा युवा, तभी हिट रहेगा छत्तीसगढ़।” स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही स्वस्थ छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राज्यपाल ने जिम का अवलोकन करते हुए संचालकों को शुभकामनाएं दीं। संचालक के अनुसार, ‘द प्राइम जिम’ में युवाओं और महिलाओं के लिए आधुनिक कार्डियो एवं वेट ट्रेनिंग मशीनें, पर्सनल ट्रेनिंग तथा डाइट काउंसलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इसके बाद राज्यपाल श्री डेका मां भद्रकाली मंदिर पहुंचे। मंदिर समिति द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। राज्यपाल ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी ली।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देवी-देवताओं और आध्यात्म की पावन भूमि है। प्रदेश की संस्कृति और आस्था अत्यंत समृद्ध है। मां भद्रकाली के दरबार में आकर उन्हें असीम शांति की अनुभूति हुई।

राज्यपाल के बेमेतरा प्रवास के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर के गणमान्य नागरिक, मंदिर समिति के पदाधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post