इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू, डॉ. गोकुल बंजारे एवं भाजपा के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा बीते 12 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न उपलब्धियों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि सरकार की हर योजना का केंद्र गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं तथा जनधन-आधार-मोबाइल (JAM) ट्रिनिटी ने सरकारी योजनाओं के लाभ को सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि लखपति दीदी अभियान ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम साबित हो रहा है। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और ई-नाम जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को आर्थिक सहायता और बेहतर बाजार उपलब्ध हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों परिवारों को निःशुल्क राशन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्के घर का लाभ मिला है। हर घर जल योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से हुआ है।
विधायक साहू ने कहा कि सड़क, रेल और अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वंदे भारत ट्रेन, चिनाब रेलवे ब्रिज तथा अन्य बड़े प्रोजेक्ट नए भारत की पहचान बन रहे हैं। उन्होंने डिजिटल इंडिया, यूपीआई, सस्ती इंटरनेट सेवाओं और सेमीकंडक्टर मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।
उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना, आदिवासी विकास, दिव्यांगजन कल्याण और युवाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है। साथ ही रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को भी केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विधायक ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक जैसे धार्मिक स्थलों के विकास ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू, रजक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता महेश साहू, जिला उपाध्यक्ष प्रनीश रजक, कार्यक्रम प्रभारी मोंटी साहू, सह प्रभारी धर्मेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
