बेमेतरा में बच्चों के सुरक्षित भविष्य की नींव : 1.51 करोड़ की लागत से बनेगा बाल संप्रेषण गृह, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति का आधुनिक भवन


बेमेतरा टाइम्स । जिले में बाल संरक्षण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मोहभट्ठा-कोबिया मार्ग स्थित बेमेतरा में शासकीय बाल संप्रेषण गृह, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। लगभग ₹151.52 लाख की लागत से बनने वाले इस आधुनिक भवन का भूमिपूजन बेमेतरा विधायक दीपेश साहू एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।

बच्चों को मिलेगा सुरक्षित, संवेदनशील और आधुनिक वातावरण

नए भवन के निर्माण के बाद बाल संरक्षण से जुड़ी सभी प्रमुख संस्थाओं को एक ही परिसर में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे संरक्षण एवं देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षित, सुविधाजनक और संवेदनशील वातावरण मिलेगा तथा पुनर्वास और न्याय संबंधी प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी बन सकेंगी।

"यह भवन बच्चों के बेहतर भविष्य का आधार बनेगा" – दीपेश साहू

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनका उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना शासन एवं समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि ऐसे बच्चों के लिए सुरक्षा, मार्गदर्शन और नए अवसरों का केंद्र बनेगा जिन्हें विशेष संरक्षण और सहयोग की आवश्यकता होती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे जिले की बाल संरक्षण संस्थाओं को नई मजबूती मिलेगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सामाजिक विकास को मिलेगी नई दिशा – विजय सिन्हा

नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि शहर में आधारभूत और सामाजिक विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। बाल संरक्षण से जुड़े इस महत्वपूर्ण भवन के निर्माण से जिले को एक नई और उपयोगी सुविधा मिलेगी, जो समाज के संवेदनशील वर्ग के बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पार्षद श्रीमती खिलेश्वरी पाटिल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही लोक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

बेमेतरा को मिलेगी बाल संरक्षण की अत्याधुनिक सुविधा

इस भवन के निर्माण से जिले में बाल अधिकारों की सुरक्षा, पुनर्वास एवं न्यायिक प्रक्रियाओं को नया आधार मिलेगा। यह परियोजना बच्चों के सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post