शासकीय घास भूमि पर कब्जे का आरोप: आदिवासी समाज ने एसपी से लगाई गुहार, पेड़ कटाई, रास्ता रोकने और अवैध कब्जे पर कार्रवाई की मांग


बेमेतरा टाइम्स । ग्राम मुटपुरी के सर्व आदिवासी समाज ने पुलिस अधीक्षक बेमेतरा को शिकायत सौंपकर शासकीय घास भूमि पर कथित अवैध कब्जा, हरे-भरे पेड़ों की कटाई, आम रास्ता अवरुद्ध करने तथा आदिवासी समाज की लगानी भूमि तक पहुंच बाधित करने का गंभीर आरोप लगाया है। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

शिकायत के अनुसार ग्राम मुटपुरी स्थित खसरा नंबर 92/1 की शासकीय घास भूमि को पूर्व सरपंच स्वर्गीय बल्लू मिश्रा द्वारा आदिवासी भवन एवं मंदिर निर्माण हेतु चिन्हित किया गया था। आदिवासी समाज के वरिष्ठ जनों द्वारा भूमि पूजन भी किया गया था, लेकिन शासकीय अनुदान नहीं मिलने के कारण आज तक निर्माण कार्य नहीं हो सका।

आदिवासी समाज का आरोप है कि उक्त भूमि पर पूर्व में भी कब्जे के प्रयास हुए थे, जिनका विरोध किया गया था। वर्तमान में कुछ लोगों द्वारा ट्रैक्टर से भूमि पर हल चलाकर कब्जे का प्रयास किया गया, वहीं आम रास्ते को भी जोत दिया गया। शिकायत में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई, तारबंदी कर रास्ता रोकने तथा शासकीय भूमि पर झोपड़ी बनाकर अवैध बिजली उपयोग करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

समाज के लोगों का कहना है कि कई ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर आरोपित पक्ष गाली-गलौज और धमकी देता है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि थाना चंदनू में शिकायत देने के बावजूद उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और उन्हें तहसील कार्यालय जाने की सलाह देकर लौटा दिया गया।

आदिवासी समाज ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर बेमेतरा को भी भेजी गई है।

ग्रामीणों का आरोप

➡️ शासकीय घास भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास

➡️ हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई

➡️ आम एवं खेत मार्ग अवरुद्ध करने का आरोप

➡️ आदिवासी समाज की भूमि तक पहुंच बाधित

➡️ थाना स्तर पर शिकायत नहीं सुनने का आरोप

समाज की चेतावनी

"यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में तनाव बढ़ सकता है और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।"

वर्सन 

हमारे द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है, और फैना उन्हें दिया गया है! बाकी मामला राजस्व विभाग है का है, इस पर राजस्व विभाग ही कार्यवाही करेगी ऐसा कहा गया है !

दूलेश्वर चंद्रवंशी,  चौकी प्रभारी चंदनू 

(नोट: यह समाचार शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Post a Comment

Previous Post Next Post