24 जून से बेमेतरा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं, आवास सूची सत्यापन से लेकर नशा मुक्ति तक होंगे अहम फैसले


बेमेतरा टाइम्स । पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार बेमेतरा जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं उनके आश्रित ग्रामों में 24 जून 2026 से एक सप्ताह तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इन विशेष ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस 2024 सर्वे सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों की स्थायी प्रतीक्षा सूची को भी मंजूरी दी जाएगी, ताकि आवासहीन एवं पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सके।

ग्राम सभा के दौरान ग्राम पंचायतों के वार्षिक बजट, विभिन्न विकास योजनाओं के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी।

विशेष ग्राम सभाओं में 16वें वित्त आयोग के समक्ष पंचायतों की आवश्यकताओं एवं स्थानीय विकास प्राथमिकताओं को शामिल किए जाने हेतु संकल्प पारित किया जाएगा। साथ ही नशा मुक्त ग्राम निर्माण के उद्देश्य से नशा मुक्ति संकल्प भी पारित कराया जाएगा, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया जाएगा।

इसके अलावा रोजगार एवं आजीविका संवर्धन, महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा शासन द्वारा निर्धारित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीण नागरिकों से ग्राम सभाओं में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय जनभागीदारी के साथ लिए जा सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post