बेमेतरा/खंडसरा । जिले के खंडसरा चौकी अंतर्गत ग्राम अतरिया में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक मवेशियों से भरी अज्ञात पिकअप वाहन पेट्रोल टंकी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 5 मवेशियों (भैंस) में से 2 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य मवेशी घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खंडसरा चौकी प्रभारी नेताम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिकअप में भरे मवेशियों को कत्लखाने ले जाया जा रहा था, हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वाहन की पहचान, चालक की तलाश तथा मवेशियों के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
