कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर उपकेन्द्र के शुभारंभ के साथ हुई। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि यह उपकेन्द्र केवल एक विद्युत परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, किसानों की समृद्धि और ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि मात्र 8 माह में इस परियोजना का निर्माण पूर्ण होना प्रशासन और विद्युत विभाग की कार्यकुशलता का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि यह नया उपकेन्द्र क्षेत्र में विद्युत भार को संतुलित करेगा, वोल्टेज समस्या का समाधान करेगा तथा किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराएगा। इससे घरेलू उपभोक्ताओं, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण उद्योगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के “विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत उपकेन्द्र परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस विकास कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
