कत्लखाने भेजी जा रही 4 भैंसों का बड़ा खुलासा ! पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी दबोचा, 9.50 लाख की संपत्ति जब्त


बेमेतरा टाइम्स । अवैध रूप से भैंसों को कत्लखाने ले जाने के मामले में बेमेतरा पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अब तक 9 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनीष शुक्ला (46 वर्ष), निवासी खैरा ने थाना बेमेतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चौरेंगा से 2-3 वाहनों में भैंसों को भरकर कत्लखाने ले जाया जाएगा। सूचना पर गौवंश सेवकों के साथ सिमगा से बेरला मार्ग पर नाकेबंदी की गई।

नाकेबंदी के दौरान ग्राम कठिया के पास पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QV 9645 को रोककर जांच की गई। वाहन में चार बड़ी भैंसों को बिना चारा-पानी के ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। चालक ने अपना नाम लक्ष्मण साहू (25 वर्ष), निवासी भड़हा, थाना खरोरा, जिला रायपुर बताया। पूछताछ में वह पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने वाहन सहित चारों भैंसों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया। चालक लक्ष्मण साहू को 13 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने चार भैंस (कीमत लगभग 40 हजार रुपये), पिकअप वाहन (कीमत लगभग 9 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) जब्त किया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 9.50 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले की आगे की जांच में संलिप्तता पाए जाने पर छबि वासुदेव (29 वर्ष), निवासी चौरेंगा, थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार को 25 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post