NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला : "युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो", शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग


बेमेतरा टाइम्स । नीट सहित देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को बेरला रोड स्थित राजीव भवन, बेमेतरा में पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रांजल तिवारी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों से लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का परीक्षा व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हुआ है। वर्षों की कड़ी मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य असुरक्षित हो गया है, लेकिन केंद्र सरकार प्रभावी और ठोस कदम उठाने में विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी के कारण युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।

पत्रकार वार्ता के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिथिलेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेवादल अध्यक्ष दिनेश पटेल, पार्षद रीता पांडे, ललित विश्वकर्मा सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post