बेमेतरा टाइम्स । जिले के थान खम्हरिया आरक्षी केन्द्र में आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, थान खम्हरिया में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक द्वारा आपसी विवाद के निपटारे के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की, जिसमें आरोपी प्रधान आरक्षक रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने थान खम्हरिया परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाने के अंदर किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
गौरतलब है कि बेमेतरा जिले में एक महीने के भीतर यह ACB की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले साजा क्षेत्र में एक भ्रष्ट पटवारी को किसान से रिश्वत लेते हुए ACB ने गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
फिलहाल ACB की कार्रवाई जारी है। रिश्वत की मांग, ट्रैप और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
(नोट: यह समाचार प्रारंभिक रूप से सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। ACB की आधिकारिक पुष्टि एवं विस्तृत प्रेस नोट जारी होने के बाद तथ्य अपडेट किए जा सकते हैं।)
