शासकीय बोरपंप का ताला तोड़कर पानी निकाला, वार्ड पार्षद ने जताया विरोध ! चार दिन में नए बोर नहीं खोदे गए तो नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना देने की चेतावनी


बेमेतरा टाइम्स । शहर के वार्ड क्रमांक-8 स्थित पंजाबी पारा मंडी गेट के पास, जानू सलूजा के घर के समीप लगे शासकीय बोरपंप का ताला तोड़कर देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बोरपंप चालू किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर वार्ड की पार्षद श्रीमती चांदनी रोशन दत्ता ने इसे शासकीय संपत्ति के साथ छेड़छाड़ बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

पार्षद ने बताया कि संबंधित बोरपंप नगर पालिका द्वारा निर्धारित समय पर प्रतिदिन सुबह और शाम संचालित किया जाता है। इसके अलावा किसी परिवार में विशेष आवश्यकता या सुख-दुख की स्थिति होने पर भी मानवीय आधार पर बोरपंप चालू कराया जाता रहा है। लेकिन वर्तमान में भीषण गर्मी और भूजल स्तर (वाटर लेवल) लगातार नीचे जाने के कारण बोरपंप को बार-बार चालू करना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की व्यक्तिगत आवश्यकता के लिए यदि बोरपंप को मनमाने तरीके से चलाया जाएगा तो पूरे मोहल्ले के लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ेगा। इसी कारण नगर पालिका प्रशासन द्वारा निर्धारित समय के अलावा बोरपंप चालू नहीं किया जा रहा है।

पार्षद के अनुसार वार्ड क्रमांक-8 के पंजाबी पारा क्षेत्र में पिछले वर्ष से ही लगातार नए बोरवेल की मांग की जा रही है। इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन एवं नगर पालिका अध्यक्ष को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक वार्ड में एक भी नया बोर खनन नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नए बोर खोद दिए गए होते तो भूजल पर इतना दबाव नहीं पड़ता और न ही लोगों को इस प्रकार ताला तोड़कर पानी निकालने जैसी स्थिति उत्पन्न होती।

श्रीमती चांदनी रोशन दत्ता ने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी चार दिनों के भीतर पंजाबी पारा एवं प्रोफेसर कॉलोनी में दो नए बोरवेल का खनन कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे स्वयं नगर पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन पर बैठेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

वार्ड में पानी की समस्या को लेकर यह मामला अब तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिक भी लंबे समय से नए बोरवेल की मांग कर रहे हैं और अब सभी की नजर नगर पालिका प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post