कबीरपंथी आस्था का महासंगम : बेमेतरा में सदगुरु कबीर प्रागट्य महोत्सव और एसकेडीवी का 'मनन' महिला नवोदय महासभा का हुआ भव्य आयोजन


बेमेतरा टाइम्स । सदगुरु कबीर साहब प्रागट्य महोत्सव एवं महिला नवोदय महासभा (मनन) का जिला स्तरीय भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन एसकेडीबी मिशन एवं समस्त कबीरपंथी समाज बेमेतरा के संयुक्त तत्वावधान में सदगुरु कबीर आश्रम, बेमेतरा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन चले इस महोत्सव में जिलेभर से हजारों की संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे गुरु महिमा पाठ एवं आनंदी चौका आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए सुबह 10:00 बजे से विशाल भोजन भंडारे की शुरुआत हुई, जो देर रात्रि तक निरंतर चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की व्यवस्था की सराहना की।

दोपहर 12:00 बजे नगर में सदगुरु कबीर साहेब की भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु कबीर साहेब के जयकारों के साथ नगर भ्रमण करते हुए भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश देते नजर आए। शोभायात्रा में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शाम 4:00 बजे आयोजित महिला नवोदय महासभा (मनन) रहा, जिसमें एसकेडीबी मिशन की राष्ट्रीय महिला प्रतिनिधि किरण गोस्वामी मालापूरे जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सदगुरु कबीर साहेब के मानवता, समानता, प्रेम और सद्भाव के संदेश को अपनाने का आह्वान करते हुए महिलाओं की सामाजिक एवं आध्यात्मिक भूमिका पर प्रकाश डाला।

पूरे आयोजन के दौरान सदगुरु कबीर आश्रम भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। जिलेभर से पहुंचे कबीरपंथी समाज के लोगों ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए इसे समाज की एकता, समरसता और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक बताया। सफल आयोजन में एसकेडीबी मिशन एवं समस्त कबीरपंथी समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post