सर्वसम्मति की मुहर : जितेन्द्र श्रीवास फिर बने सेन समाज साजा ब्लॉक अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन


बेमेतरा टाइम्स /साजा । छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्व सेन नाई समाज के निर्देशानुसार जिला सेन समाज द्वारा साजा में ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों का चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में सर्वसम्मति से जितेन्द्र श्रीवास को लगातार दूसरी बार निर्विरोध ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। उनके पुनः अध्यक्ष निर्वाचित होने पर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

चुनाव के दौरान ब्लॉक कार्यकारिणी के अन्य पदों पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। नई कार्यकारिणी में राम सेन को उपाध्यक्ष, रामेश्वर सेन को कोषाध्यक्ष, दीपक सेन को सचिव तथा सुरेन्द्र सेन को प्रमुख सलाहकार एवं संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सफल बनाने के लिए समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रामनारायण श्रीवास, जिला उपाध्यक्ष संतोष सेन, नेमसिंह सेन, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि सेन, पूर्व उपाध्यक्ष ऋषि सेन, राजू सेन तथा संरक्षक नाथूराम सेन सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज की एकता, संगठन, विकास और सामाजिक उत्थान के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

चुनाव संपन्न होने के बाद उपस्थित सामाजिक बंधुओं ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

इस संबंध में जानकारी जिला मीडिया प्रभारी दुर्गा प्रसाद सेन ने दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post