23 जून की रात्रि में विधायक दीपेश साहू सपत्नीक शांतिकुंज हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने सजल श्रद्धा, प्रखर प्रज्ञा एवं समाधि स्थल के दर्शन किए। आध्यात्मिक वातावरण में मां गायत्री एवं गुरुदेव के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए उन्होंने जनकल्याण और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की।
24 जून को गायत्री जयंती एवं गंगा दशहरा के अवसर पर विधायक साहू ने हरकी पौड़ी में मां गंगा के पवित्र जल में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने गायत्री माता मंदिर, भटका हुआ देवता स्थल सहित शांतिकुंज परिसर के विभिन्न आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन किए।
प्रवास के दौरान विधायक ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज के उपकुलपति श्रद्धेय डॉ. चिन्मय पंड्या से भेंट कर सामाजिक, आध्यात्मिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही श्रद्धेय डॉ. प्रणव पंड्या एवं आदरणीया दीदी जी का आशीर्वाद भी लिया।
इसके पश्चात वे ऋषिकेश पहुंचे, जहां जानकी झूला, मां मंशा देवी मंदिर तथा अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त की। उन्होंने मां भगवती भोजनालय में प्रसाद ग्रहण किया तथा देवतात्म हिमालय के दर्शन कर देव संस्कृति दिग्दर्शन का लाभ लिया। इस दौरान गायत्री परिवार जिला बेमेतरा के जिला समन्वयक डॉ. खोमराम साहू का मार्गदर्शन एवं सहयोग भी प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना के प्रमुख केंद्र हैं। मां गंगा का दर्शन और स्नान मन को शांति प्रदान करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि शांतिकुंज में गुरुदेव के विचार, मां गायत्री की उपासना और मानव सेवा का संदेश जीवन को नई दिशा देता है।
उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार हैं। हमारी संस्कृति, प्रकृति और आध्यात्मिक विरासत का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विधायक ने गायत्री परिवार द्वारा शिक्षा, संस्कार, सेवा एवं जनजागरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
अंत में विधायक दीपेश साहू ने मां गायत्री एवं मां गंगा से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि वे सदैव जनता की सेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे। इस दौरान विधायक दीपेश साहू सपत्नीक एवं गायत्री परिवार जिला बेमेतरा के जिला समन्वयक डॉ. खोमराम साहू सहित अन्य श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
