बेलटुकरी में मनरेगा घोटाले की आहट ! मजदूरों की जगह मशीनों से हो रहा तालाब गहरीकरण, ग्रामीण ने एसडीएम से की शिकायत



बेमेतरा टाइम्स । ग्राम पंचायत बेलटुकरी में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत स्वीकृत सतसागर तालाब गहरीकरण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम बेलटुकरी निवासी रोशन कुमार वर्मा ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नवागढ़ को लिखित शिकायत सौंपकर तालाब गहरीकरण कार्य में जेसीबी मशीन के उपयोग का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार मनरेगा के तहत स्वीकृत सतसागर तालाब (कार्य कोड- 3303001020/WC/GIS/32213) का गहरीकरण कार्य श्रमिकों के बजाय जेसीबी मशीन से कराया जा रहा है, जो मनरेगा के नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं संबंधित ठेकेदार की मिलीभगत से मशीन लगाकर कार्य कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण मजदूरों का रोजगार छिन रहा है।

रोशन कुमार वर्मा ने शिकायत में कहा है कि मनरेगा का मूल उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन मशीनों के उपयोग से योजना की भावना को ठेस पहुंच रही है। साथ ही बिना तकनीकी मानकों के मशीन से खुदाई किए जाने से तालाब की गुणवत्ता और डिजाइन प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।

शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराई जाए, कार्यस्थल का भौतिक सत्यापन कराया जाए, दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए, कार्य में लगी जेसीबी मशीन को जब्त किया जाए तथा शेष कार्य केवल श्रमिकों के माध्यम से कराया जाए।

शिकायत के साथ जेसीबी से कार्य किए जाने के फोटो-वीडियो एवं मस्टर रोल की प्रतिलिपि भी प्रस्तुत की गई है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर बेमेतरा, जिला पंचायत सीईओ, तहसीलदार नवागढ़, जनपद पंचायत नवागढ़ के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी एवं थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में कथित अनियमितताओं पर कब तक अंकुश लग पाता है।

विडिओ देखे 👇



Post a Comment

Previous Post Next Post