बेमेतरा ब्रेकिंग : रिश्तों का कत्ल, ताबड़तोड़ वार कर बड़े भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


बेमेतरा टाइम्स ! जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढारा में पारिवारिक कलह ने खूनी रूप ले लिया। एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर गैती से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय पारिवारिक विवाद के दौरान दोनों भाइयों जलेश्वर साहू एंव प्रदीप साहू के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि छोटे भाई जलेश्वर साहू ने गुस्से में आकर गैती से बड़े भाई प्रदीप साहू उम्र 25 वर्ष पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी गांव के कोटवार द्वारा सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे ग्राम ढारा को झकझोर कर रख दिया है। गांव में चर्चा का विषय बना यह मामला रिश्तों के टूटते विश्वास और बढ़ती पारिवारिक हिंसा की एक दर्दनाक तस्वीर पेश कर रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है तथा हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post