रिटायर्ड पंचायत सचिव की पेड़ पर लटकी मिली लाश, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस


बेमेतरा टाइम्स । बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड पंचायत सचिव की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मेलादास पिता अंजोर दास मानिकपुरी (उम्र लगभग 63 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पंचायत सचिव पद से करीब एक वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे।

जानकारी के अनुसार नवागढ़ स्थित एक खेत के पास स्थित एक परसा पेड़ पर मृतक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटनास्थल शराब दुकान के समीप होने के कारण लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के हाथ में शराब की बोतल थी तथा शव पेड़ के नीचे फंदे की स्थिति में दिखाई दिया, जिससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि 11-12 जून की दरमियानी रात यह घटना हुई। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे नवागढ़ पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

नवागढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post