कुत्ते को भगाने की बात पर खूनी हमला और लूट! होटल कर्मचारी से मारपीट कर मोबाइल-नकदी लूटी, दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार


बेमेतरा टाइम्स /नांदघाट । नांदघाट थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने लूट और मारपीट की गंभीर वारदात का रूप ले लिया। बस स्टैंड नांदघाट स्थित एक होटल में काम करने वाले युवक के साथ कुत्ते को भगाने की बात पर तीन युवकों ने बेरहमी से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूट ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी चेतन यादव (21 वर्ष) निवासी ग्राम खपरी, थाना नांदघाट, बस स्टैंड स्थित निषाद होटल में कार्य करता है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जून 2026 की सुबह करीब 4 बजे वह होटल में आलू छीलने जा रहा था। होटल के पास मौजूद एक छोटे कुत्ते को भगाने के दौरान विजय घृतलहरे अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विजय घृतलहरे ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और बेल्ट से उसकी पिटाई कर दी। वहीं उसके साथियों ने प्रार्थी की जेब से 1,000 रुपये नकद से भरा पर्स और हाथ में रखा पोको मोबाइल (कीमत लगभग 7,500 रुपये) लूट लिया। मारपीट में युवक के मुंह, माथे और पीठ पर चोटें आईं।

प्रकरण में पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुकेश नायक उर्फ मंजु नायक (25 वर्ष) निवासी शंकर नगर सिमगा तथा ज्ञानदास टंडन उर्फ पाजी (20 वर्ष) निवासी लिमतरा, थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटे गए 1,000 रुपये में से 500 रुपये सिगरेट और ठंडा पीने में खर्च कर दिए, जबकि शेष 500 रुपये और पर्स विजय घृतलहरे के पास हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पोको मोबाइल एवं सिम (कीमत लगभग 7,500 रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AG 4684 जब्त कर ली है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 26 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर 27 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, मुख्य आरोपी विजय घृतलहरे अब भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post