इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। विधायक दीपेश साहू ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा तथा कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा सहित राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा के विद्यार्थियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। अब जिले के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने जिले में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि एल.एल.बी. पाठ्यक्रम शुरू होने से युवाओं के लिए अधिवक्ता, न्यायिक सेवा, प्रशासनिक क्षेत्र, विधि सलाहकार समेत कई क्षेत्रों में रोजगार और करियर के नए द्वार खुलेंगे। कानून की शिक्षा युवाओं को न्याय, अधिकार और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधायक साहू ने कहा कि शिक्षा को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और उच्च शिक्षा के नए अवसर क्षेत्र के समग्र विकास का आधार बनते हैं। यह पहल आने वाले वर्षों में बेमेतरा को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
जिले में एल.एल.बी. पाठ्यक्रम की शुरुआत से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है और इसे बेमेतरा के शैक्षणिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
