02 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो सामूहिक अवकाश लेकर तहसील कार्यालय परिसर में होगा प्रदर्शन, राजस्व कार्य प्रभावित होने के आसार
संघ के अनुसार पटवारियों की प्रमुख मांगों में विभागीय पदोन्नति के लिए समय-सीमा निर्धारित करना, समयमान वेतनमान का लाभ तथा वेतन विसंगति का निराकरण शामिल है। संघ का कहना है कि अन्य विभागों में 3 से 7 वर्ष के भीतर पदोन्नति का प्रावधान है, जबकि पटवारियों के लिए अब तक ऐसी कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं बनाई गई है।
पटवारी संघ ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में ग्रेड पे 2200 से बढ़ाकर 2400 किए जाने के बाद वेतन निर्धारण में गंभीर विसंगति उत्पन्न हुई, जिससे कई कर्मचारियों का मूल वेतन अपेक्षित रूप से बढ़ने के बजाय कम हो गया और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में कई बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
संघ ने राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजे गए ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि यदि 02 अगस्त तक उनकी दोनों प्रमुख मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 03 अगस्त को पूरे प्रदेश के साथ बेमेतरा जिले के पटवारी भी सामूहिक अवकाश लेकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेंगे।
जिला अध्यक्ष निर्जल कुमार डिंडोरे के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस आंदोलन में जिले के सभी पटवारियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में 03 अगस्त को राजस्व से जुड़े कई कार्य प्रभावित होने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।
