परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता पर विशेष जोर
बैठक में नगर के आधारभूत विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। परिषद को जानकारी दी गई कि पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा के प्रयासों से नगर पंचायत इंदौरी में भारत माता चौक, कर्मा माता चौक, गुरु घासीदास चौक, सरदार वल्लभभाई चौक, सीसी रोड, नाली निर्माण और मिनी स्टेडियम जैसे कई विकास कार्य स्वीकृत होकर प्रगति पर हैं। विधायक ने भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीनिवास द्विवेदी ने परिषद को बताया कि राज्य सरकार से नगर विकास के लिए विभिन्न मदों में बड़ी राशि स्वीकृत हुई है। इसके तहत वार्ड क्रमांक-14 स्थित मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 45 लाख रुपये, व्यावसायिक परिसर निर्माण के लिए 45 लाख रुपये, मांगलिक भवन के लिए 45 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक-10 के मुक्तिधाम उन्नयन के लिए 10 लाख रुपये तथा मणीकंचन केंद्र के लिए 53 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन परियोजनाओं से नगर की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सौंदर्यीकरण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ई-रिक्शा, ऑटो टिपर एवं डस्टबिन की स्वीकृति मिलने की भी जानकारी दी गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री द्विवेदी ने सभी निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से नगर विकास के कार्यों को गति दी जाएगी।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि रामसुख जायसवाल, उपाध्यक्ष जसवंत कुमार साहू, पार्षद नारद राम साहू, प्रकाश कुमार साहू, दुर्गा साहू, सुखमणि गोस्वामी, दाऊराम छेवादी, उमेंद्र दास बघेल, हिमचंद सिन्हा, आरती नारंगे, मिलपी टंडन, असमन चंद्रवंशी, ज्ञानेश डहरिया, भरत घृतलहरे, कमलेश कोशले, तनुजा आडिले सहित नगर पंचायत के कर्मचारी हीरेंद्र तिवारी एवं सुरेश जायसवाल उपस्थित रहे।
