भिंभौरी को उप मुख्यमंत्री अरुण साव की बड़ी सौगात : 5 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा, 4.80 करोड़ से बनेगा कॉलेज और सामुदायिक भवन


बेमेतरा टाइम्स । नगर पंचायत भिंभौरी में शुक्रवार को विकास की नई इबारत लिखी गई। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 465.84 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन तथा 14.28 लाख रुपये की लागत से बनने वाले किसान सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत भिंभौरी के समग्र विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा करते हुए क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के कारण छत्तीसगढ़ में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनता से किए हर वादे को निभाया है और हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जल आवर्धन योजना के लिए 4 करोड़, अन्य विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ मंजूर

उप मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नगर पंचायत भिंभौरी में हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए जल आवर्धन योजना हेतु 4 करोड़ रुपये तथा अन्य संभावित विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाएंगे।

"जो कहा, वो किया"— मोदी की गारंटी पर भरोसा

श्री साव ने कहा कि "मोदी जी की गारंटी का मतलब है—जो कहा, वो किया।" उन्होंने बताया कि सरकार ने गठन के तुरंत बाद किसानों का दो वर्ष का बकाया बोनस दिया, अब 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर माह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है और आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का वैश्विक सम्मान बढ़ा है और छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण के साथ विकास की नई धारा बह रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post