बच्चों की पंगत में बैठे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जमीन पर बैठकर पतरी मे भोजन कर दिया सादगी और संस्कार का संदेश


बेमेतरा टाइम्स । जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सादगी और आत्मीयता का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। बेरला के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कुर्सी-टेबल छोड़कर विद्यार्थियों के साथ जमीन पर पंक्तिबद्ध बैठकर न्यौता भोज ग्रहण किया।

भोजन कक्ष में पहुंचते ही उप मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच बैठना पसंद किया और उनके साथ एक ही पंक्ति में बैठकर पतरी में परोसा गया भोजन किया। इस दौरान पूरे परिसर में अपनापन, सादगी और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

बच्चों से की आत्मीय बातचीत, पढ़ाई और पौष्टिक भोजन का दिया संदेश

सामूहिक भोज के दौरान श्री साव ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद और परिवार के बारे में आत्मीय बातचीत की। बच्चों ने भी बिना किसी संकोच के उप मुख्यमंत्री के साथ हंसते-खेलते भोजन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन करने, अनुशासित जीवन अपनाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा, "बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से जो अपनापन मिलता है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। यही हमारी भारतीय संस्कृति की खूबसूरती है। जब बड़े और बच्चे एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, तो संस्कार और संस्कृति दोनों आगे बढ़ते हैं।"

इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, बीईओ, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post