बेमेतरा टाइम्स | बेमेतरा जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), बेमेतरा में एक दिवसीय मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा 300 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले का उद्देश्य निजी कंपनियों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक ही मंच पर जोड़ना है। चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी संस्थानों में रोजगार का अवसर मिलेगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी 23 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आईटीआई बेमेतरा पहुंच सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्र, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा सभी शैक्षणिक मूल प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लाने होंगे।
मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो पदों की संख्या, कार्य का स्वरूप, वेतनमान एवं अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक योग्य एवं बेरोजगार युवाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
.jpeg)