जगन्नाथ रथ यात्रा की सफलता के 'सारथी' बनी बेमेतरा पुलिस, एसपी त्रिलोक बंसल समेत पूरी टीम का हुआ भव्य सम्मान


बेमेतरा टाइम्स । भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के बाद जय जगन्नाथ महोत्सव आयोजन समिति ने बेमेतरा पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों की खुलकर सराहना की। समिति के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) सहित पूरी पुलिस टीम का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

समिति ने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की। पुलिस की सतत निगरानी, मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ तथा कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

इस अवसर पर एसडीओपी भूषण एक्का, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला, निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक जितेन्द्र कश्यप, भलेतिनुस पन्ना, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक निधि गुप्ता, विजयेंद्र कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में पुलिस अधिकारियों ने आयोजन समिति, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना किसी भी बड़े धार्मिक आयोजन को सफल बनाना संभव नहीं है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की।

जय जगन्नाथ महोत्सव आयोजन समिति के प्रतिनिधियों ने बेमेतरा पुलिस को पुनः बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के कारण भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post