बंधक जमीन पर फर्जी तरीके से निकली 12 बोरी खाद, थाना प्रभारी के निर्देश पर सहकारिता विभाग करेगा जांच
बेलतरा सोसायटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग, किसान ने पहले दर्ज कराई थी शिकायत
गौरतलब है कि किसान महेश साहू ने आरोप लगाया था कि उसकी कृषि भूमि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बेमेतरा में ऋण के एवज में बंधक है। इसके बावजूद उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसके किसान आईडी से 5 बोरी यूरिया एवं 7 बोरी इफको खाद, कुल 12 बोरी खाद की निकासी दर्ज कर दी गई। किसान का कहना है कि उसने न तो खाद प्राप्त की और न ही पॉश मशीन में फिंगरप्रिंट लगाकर किसी प्रकार का सत्यापन किया।
किसान के अनुसार, पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब वह थान खम्हरिया स्थित एक निजी खाद दुकान से खाद खरीदने पहुंचा। वहां पता चला कि उसकी आईडी से पहले ही खाद जारी हो चुकी है। इसके बाद उसने संबंधित सोसायटी प्रबंधन पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
शिकायत के बाद अब पुलिस ने मामले की जांच सहकारिता विभाग को सौंपते हुए उप-पंजीयक सहकारी संस्थाएं बेमेतरा से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। जांच में यह स्पष्ट होगा कि खाद किसके द्वारा और किन परिस्थितियों में जारी की गई तथा क्या वितरण प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का उल्लंघन हुआ।
यदि जांच में किसान के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पूरे मामले पर किसानों और क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।
