70 वर्षीय महिला को नहाते समय बनाया निशाना, मुख्य आरोपी समेत चेन गिरवी रखने वाला युवक गिरफ्तार, पूरी लूट की संपत्ति बरामद


बेमेतरा टाइम्स । जिले के थाना थानखम्हरिया क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित लूटी गई सोने की चेन गिरवी रखने वाले दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की तीन तोला 20 मिलीग्राम वजनी सोने की चेन बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम गडुवा निवासी पार्वती लोधी (70 वर्ष) 30 जून की दोपहर अपने घर की बाड़ी में बोर का पानी चालू कर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान गांव का रहने वाला आनंद सेन उर्फ भुलउ (19 वर्ष) उनके घर पहुंचा और हाथ धोने के लिए पानी मांगा। महिला द्वारा पानी देने के बाद आरोपी ने अचानक उनके मुंह पर कपड़ा फेंक दिया तथा सिर और पीठ पर हमला कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। महिला के अचेत होते ही आरोपी उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी आनंद सेन उर्फ भुलउ को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने लूटी गई सोने की चेन देवरबीजा निवासी धर्मेन्द्र निर्मलकर (18 वर्ष) के पास 5 हजार रुपये में गिरवी रख दी थी और वह रकम दोस्तों के साथ खाने-पीने में खर्च कर दी।

पुलिस ने धर्मेन्द्र निर्मलकर के विरुद्ध भी लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई पूरी सोने की चेन बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को बुधवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post