शिक्षा के नाम पर करोड़ों का खेल! विधायक निधि से खरीदे कंप्यूटरों में 70 लाख की गड़बड़ी के आरोप


बेमेतरा टाइम्स । साजा विधानसभा के करीब 40 शासकीय स्कूलों में विधायक निधि से लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से वितरित कंप्यूटर सेटों की खरीदी पर गंभीर सवाल उठे हैं। आरोप है कि बाजार मूल्य से चार गुना अधिक कीमत पर कंप्यूटर खरीदे गए, जिससे करीब 70 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।

कई स्कूलों के प्राचार्यों अनुसार उन्होंने कंप्यूटर की कोई मांग नहीं की थी। पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिकांश कंप्यूटर स्कूलों में उपयोग के बजाय स्टोर और कमरों के कोनों में पड़े हैं। कई जगह बिना किसी आधिकारिक पत्र के कंप्यूटर पहुंचाए गए और सप्लाई करने वाली फर्म की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

यह भी सामने आया कि एक स्कूल में फोटो खींचने के बाद सप्लायर एक कंप्यूटर सेट वापस ले गया। वहीं, विधायक ईश्वर साहू ने खरीदी की जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों पर डालते हुए कहा कि उन्होंने केवल राशि स्वीकृत की थी।

जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच टीम गठित कर प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जानकारी लेने के बाद ही वे कुछ कह पाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post